
पतंग पकड़ने गए ऋषभ पर आवारा कुत्तों का हमला, नोचकर किया लहूलुहानशाहापुर में डेढ़ माह में दूसरी घटना से दहशत, गंभीर बालक वाराणसी रेफर
खेतासराय जौनपुर शाहापुर गांव में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।
बुधवार को पतंग पकड़ने गए आठ वर्षीय बालक पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों के चंगुल से बालक को छुड़ाया। गंभीर हालत में उसे पीएचसी सोंधी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जौनपुर रेफर कर दिया। हालत नाजुक देख जौनपुर के चिकित्सकों ने भी उसे वाराणसी भेज दिया।शाहापुर गांव निवासी वीरबहादुर बिंद का आठ वर्षीय पुत्र ऋषभ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक पतंग गिरते देख वह उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़ा।
जैसे ही वह पतंग के पास पहुंचा, वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्ते बालक को नोचते रहे और वह दर्द से चीखता रहा।बालक की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को भगाया। इसके बाद घायल ऋषभ को तत्काल पीएचसी सोंधी पहुंचाया गया। बेटे को खून से लथपथ देख मां रीमा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।आवारा कुत्तों के हमले की यह शाहापुर गांव में दूसरी घटना है। इससे पहले आठ जुलाई को गांव के कल्लू बिंद के आठ वर्षीय पुत्र शिवांश पर भी कुत्तों के झुंड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

















