
केराकत, जौनपुर। स्थानीय उपजिलाधिकारी कार्यालय परिसर में लोगों का गुस्सा उस समय फूटा जब जिम्मेदार अधिकारीयों के मुवावजे देने के आश्वासन के एक माह बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं मिला,नाराज लोगो ने जमकर प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की मांग को उठाई,यह प्रदर्शन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बैनर तले पीड़ित परिवार के साथ किया गया।विदित हो कि पूरनपुर गांव निवासी किशन पुत्र राकेश 12 वर्ष का विगत 14 जुलाई को खेलते समय हाई टेंशन तार के चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गया परिवार की माली हालत को देखते ग्रामीणों ने मदद का बीड़ा उठाया और एक दूसरे के सहयोग से किशन का उपचार शुरू कराया गया। मगर उपचार में ज्यादा खर्च आने से नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ विद्युत उप खण्ड पर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पहुंचे जिम्मेदार अधिकारीयों ने अविलंब पांच लाख का सहायता राशि देने का आश्वासन देते हुए किशन को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजवाया गया। विभाग के आश्वासन के एक माह बीत जाने के बाद जब सहायता राशि नहीं मिली तो परिणाम यह हुआ कि अत्यधिक सड़न बढ़ जाने के कारण चिकित्सकों के उचित सलाह के बाद किशन के दोनों पैरो को कटवाना पड़ा। अभी भी किशन जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। पीड़ित परिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का साथ मिलने के बाद उम्मीद की एक किरण नजर आई जिसके फलस्वरूप शुक्रवार को आसपा के जिला प्रभारी रत्नेश कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में लोग नार्मल मैदान में इकठ्ठा होकर पैदल मार्च करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंच पीड़ित परिवार को मुआवजा व किशन के पालन पोषण के लिए कृषि भूमि आवंटित कराने की मांग को उठाई — इनसेट –घायल किशन को लेकर बड़े पैमाने पर होगा धरना:रत्नेशप्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला प्रभारी रत्नेश कुमार ने कहा कि विद्युत विभाग के लापरवाही के कारण किशन हादसे का शिकार हुआ है और अब इलाज के अभाव में दोनों पैर को काटना पड़ा है। घटना से अब तक विद्युत विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी परिवार से नहीं मिला और ना ही आश्वासन के बाद भी उचित मुआवजा दिया गया। जिसको लेकर हम लोगो ने आज एक दिवसीय प्रदर्शन कर तहसीलदार को पत्रक सौंप मुआवजा व लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग को उठाई। तहसीलदार पीयूष कुमार सिंह व एसडीओ विक्रम वीर सिंह ने शनिवार को किशन के इलाज का हर संभव आश्वासन दिया है। अगर कल तक कोई कार्यवाही नहीं होती है तो हम लोग अगले दिन किशन को विद्युत विभाग के अधिकारियों को सुपुर्द कर देंगे।इसके बाद इन लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि बच्चे का इलाज कराए और अगर विभाग इलाज नहीं करायेगा तो हम लोग इसे बड़े पैमाने पर धरना देने का कार्य करेंगे और यह धरना केराकत में नहीं बल्कि जिला मुख्यालय पर होगा,और जब तक बच्चा ठीक नहीं हो जाता है तब तक जारी रहेगा।

















