
जौनपुर/आजमगढ़: पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। आजमगढ़ पुलिस ने जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत महरुपुर गांव में ढोल बजाकर मुनादी कराई और आरोपी के घर सहित सार्वजनिक स्थानों पर कोर्ट का नोटिस चस्पा किया।
नाबालिग के अपहरण और दुराचार का है मामलामहरुपुर गांव निवासी अमन सिंह के खिलाफ आजमगढ़ के बरदह थाने में एक नाबालिग लड़की को भगाने और उसके साथ दुराचार (रेप) करने का गंभीर मुकदमा दर्ज है। आरोपी घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा है और पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गांव और बाजारों में ढोल बजाकर हुई मुनादीरविवार को बरदह थाने से आए उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल और जफराबाद के थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी की संयुक्त टीम ने आरोपी के पैतृक गांव महरुपुर में दबिश दी। पुलिस टीम ने गांव की गलियों, स्थानीय बाजारों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लाउडस्पीकर और ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी करवाई।
धारा 84 के तहत चस्पा हुआ नोटिसकानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने आरोपी अमन सिंह के घर के बाहर और गांव के प्रमुख स्थानों पर धारा 84 (फरार व्यक्ति की संपत्ति की कुर्की की उद्घोषणा) के तहत अदालती नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि यदि किसी ने भी आरोपी को शरण दी या उसकी मदद की, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को जल्द से जल्द कोर्ट या थाने में आत्मसमर्पण करने की हिदायत दी है, अन्यथा अगली प्रक्रिया के तहत उसकी संपत्ति की कुर्की की जाएगी।

















