
केराकत, जौनपुरबेटे की शादी के बाद घर में चल रहे खुशी के माहौल पर सड़क हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। केराकत क्षेत्र के तरियारी गांव निवासी 60 वर्षीय सुरेंद्र विश्वकर्मा की शनिवार दोपहर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र विश्वकर्मा के बेटे की बरात शुक्रवार को गई थी।
विवाह की सभी रस्में संपन्न होने के बाद शनिवार की सुबह बहू की विदाई होकर घर पहुंची थी। घर में रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना लगा था। परिवार के लोग नई बहू के आगमन की खुशियां मना रहे थे। इसी बीच सुरेंद्र विश्वकर्मा बाइक से केराकत बाजार कुछ सामान खरीदने चले गए।बताया जाता है कि दोपहर करीब 3:30 बजे शाहाबुद्दीनपुर गांव के पास लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बेटे की शादी के महज दूसरे दिन परिवार के मुखिया की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक मंगलगीत और खुशियों का माहौल था, वहां चीख-पुकार मच गई। घटना से क्षेत्र के लोगों और पत्रकारिता जगत में भी शोक व्याप्त है।

















