
जौनपुर। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने तथा सूची की त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2027 को आधार मानकर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान जनपद में 17 नवंबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
इसके तहत 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे और आपत्तियां प्राप्त कर रहे हैं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा क्षेत्र 364 बदलापुर के सरोखनपुर स्थित श्री कृष्णा नगर जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक विद्यालय सरोखनपुर प्रथम एवं द्वितीय, प्राथमिक विद्यालय भलुआहीं तथा प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाजार के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने बीएलओ को नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों का फॉर्म-6 भरवाकर नाम शामिल कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन एवं ईपिक प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 प्राप्त किए जा रहे हैं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष अभियान के दौरान बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर नागरिकों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दें और प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हुए निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य किया जाए।

















