
सस्ते सोने का लालच देकर लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तारतीन लाख रुपये बरामद, लूट के पैसों से खरीदी गई फॉर्च्यूनर जब्त; मुख्य आरोपी पर 16 मुकदमे दर्जजौनपुर। जलालपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए सस्ते दाम में सोना दिलाने का झांसा देकर लोगों को लूटने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही लूट की रकम से खरीदी गई फॉर्च्यूनर कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव
ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें बाजार से बेहद कम कीमत पर सोना उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते थे। उनके झांसे में आने वाले लोगों को रकम लेकर सुनसान स्थान पर बुलाया जाता था।
वहां पहुंचने के बाद आरोपियों द्वारा मारपीट कर उनके पास मौजूद रुपये लूट लिए जाते थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदातों से हासिल रकम से करीब एक माह पहले फॉर्च्यूनर वाहन खरीदा था।
इसी वाहन का इस्तेमाल लूट की घटनाओं में किया जाता था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों को इजरी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में अजय सिंह उर्फ पिंटू को गिरोह का मुख्य आरोपी बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि अजय के खिलाफ जौनपुर और वाराणसी समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल जलालपुर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और आरोपियों ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

















