
जौनपुर में महंत राजूदास के खिलाफ फूटा निषाद समाज का गुस्सा, जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन जौनपुर: हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास द्वारा एक लाइव डिबेट के दौरान निषाद समाज पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर देश भर के साथ-साथ अब जौनपुर में भी आक्रोश भड़क गया है।
भगवान निषादराज जन सेवा समिति (जोगियापुर, जौनपुर) के बैनर तले निषाद समाज के लोगों ने अपनी घोर आपत्ति दर्ज कराई है। समिति के पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में समाज के लोगों ने देश के महामहिम राज्यपाल महोदय (उत्तर प्रदेश) को संबोधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी जौनपुर के माध्यम से सौंपा है।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि एक सार्वजनिक मंच पर महंत राजूदास द्वारा निषाद समाज के प्रति इस्तेमाल की गई अभद्र और अमर्यादित भाषा से पूरे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। निषाद समाज के लोगों का कहना है कि एक संत होने के नाते उनसे मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है, लेकिन उनका यह कृत्य बेहद निन्दनीय है जिसे समाज किसी भी कीमत पर माफ नहीं कर सकता।बिना शर्त माफी या बड़े आंदोलन की चेतावनी:समिति ने महामहिम राज्यपाल से मांग की है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए महंत राजूदास के खिलाफ तत्काल कड़ी और उचित कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही समिति ने चेतावनी दी है कि महंत राजूदास निषाद समाज से अविलम्ब बिना शर्त माफी मांगें, अन्यथा निषाद समाज के लोग सड़कों पर उतरकर एक बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।इस अवसर पर भगवान निषादराज जन सेवा समिति के सदस्यों सहित निषाद समाज के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने एक सुर में अपनी गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

















