
जौनपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ए.के. शर्मा गुरुवार को जौनपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले की कोर कमेटी के साथ बैठक कर विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री होने के नाते वह लगातार जिले की समीक्षा के लिए आते रहते हैं।
बैठक में अब तक की स्थिति संतोषजनक मिली है।समाजवादी पार्टी की ओर से सरकार बनने पर महिलाओं के लिए प्रस्तावित ‘स्त्री समृद्धि योजना’ के सवाल पर ए.के. शर्मा ने सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को सबसे पहले महिलाओं के प्रति अपनी सोच और मानसिकता बदलने की जरूरत है।
उनके मुताबिक, महिलाओं के प्रति कथित तौर पर नकारात्मक सोच के कारण सपा सरकार के दौरान महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी थीं। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की सपा सरकार का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव के शासनकाल पर सवाल उठाए।नेपाल त्रासदी पर जताई संवेदनानेपाल में हुई त्रासदी पर प्रभारी मंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हादसे में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके प्रति गहरी संवेदना है और ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने घायलों और हादसे में बचे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ए.के. शर्मा ने वर्ष 2013 में उत्तराखंड में आई भीषण आपदा को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वहां जाने का अवसर मिला था। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने कहा कि ऐसी त्रासदी से होने वाले नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है।

















