
जौनपुर अधीक्षक जिला कारागार जौनपुर नें अवगत कराया है कि 28 अगस्त 2026 को भाई-बहन के पावन पर्व रक्षाबन्धन के अवसर पर जिला कारागार प्रशासन द्वारा कारागार में निरूद्ध बन्दियों को राखी बांधने हेतु आने वाली बहनो के लिए राखी, रोरी, कुमकुम, दीप, कपूर, मिष्ठान व आरती की थाली की व्यवस्था की गयी, जिससे राखी बांधने के लिए आने वाली बहनो को आवश्यक सामग्री उपलब्ध करायी जा सके। बहनों द्वारा अपने भाईयों को राखी बांधकर आरती की गयी और मिष्ठान खिलाया गया।
कारागार में निरूद्ध ऐसी महिला बन्दी जिनके भाई भी कारागार में निरूद्ध है उन्हें भी प्रशासन की तरफ से सभी सामग्री उपलब्ध कराकर राखी बंधवाई गई। इससे कारागार में निरूद्ध बन्दियों में हर्षोल्लास की भावना उत्पन्न हुई। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक कारागार वाराणसी परिक्षेत्र वाराणसी राजेश कुमार श्रीवास्तव के द्वारा कारागार की उक्त व्यवस्था का अवलोकन किया गया व प्रशंसा की गयी।
जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बन्दियों को सम्बोधित करते हुये उन्हें अपराध की दुनिया से दूर रहकर समाज की मुख्य धारा में आने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही रक्षाबन्धन की शुभकामना दी।
कारागार जिला अपराध निरोधक कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा बाहर से आयी बहनो के लिए सुविधा कैम्प लगाया गया। उप महानिरीक्षक कारागार एवं जेल अधीक्षक द्वारा इनके इस योगदान के लिए धन्यवाद अर्पित किया गया इस कार्यक्रम में कारापाल अजय कुमार, उप कारापाल सुभाष चन्द्र पाण्डेय व कारागार के समस्त अधिकारी/कर्मचारी कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु उपस्थित रहे।

















