
बारिश के पानी, कीचड़ और गंदगी की हुई सफाई; चौराहों पर तैनात किए गए पुलिसकर्मी, सायरन गूंजे तो बढ़ी हलचल समाचार शाहगंज(जौनपुर) रविवार को शाहगंज में डीआईजी के आगमन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अचानक हलचल तेज हो गई।
कोतवाली परिसर में बारिश के पानी, कीचड़ और गंदगी के बीच आनन-फानन में साफ-सफाई शुरू करा दी गई। देखते ही देखते परिसर की व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई और पुलिसकर्मी मुस्तैद हो गए।
डीआईजी के संभावित आगमन को लेकर नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। जौनपुर रोड और मेन रोड पर यातायात व्यवस्था को भी तत्काल व्यवस्थित कराया गया। पुलिस के वाहनों के सायरन सुनाई देने के बाद कोतवाली पुलिस और अधिक सतर्क हो गई।हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस के वाहनों का काफिला नगर से होते हुए अयोध्या मार्ग की ओर आगे निकल गया।
डीआईजी वैभव कृष्ण, वाराणसी परिक्षेत्र का वाहन शाहगंज सीमा से बाहर निकल जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।डीआईजी के आने की सूचना का असर आसपास के थानों में भी देखने को मिला। सरायख्वाजा और खेतासराय थानों में भी साफ-सफाई के साथ पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रखा गया, ताकि अधिकारियों का आगमन होने पर व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त मिलें।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि डीआईजी के आने को लेकर कोई सरकारी कार्यक्रम अथवा निर्धारित निरीक्षण नहीं था।

















