
5 सितंबर को निकलेगा अंजुमनों का जुलूस, अगले दिन होगा जलसाखेतासराय(जौनपुर)। नगर में परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दो दिवसीय आयोजन को लेकर मरकजी सीरत कमेटी के पदाधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
नगर में सजावट के साथ जुलूस मार्ग को व्यवस्थित करने का काम शुरू हो गया है। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है।मरकजी सीरत कमेटी के सदर सैय्यद ताहिर ने बताया कि 5 सितंबर को अंजुमनों और अखाड़ों का जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 6 सितंबर को जलसे का आयोजन होगा। जुलूस में शामिल होने वाली अंजुमनों और अखाड़ों को कमेटी की ओर से आमंत्रित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कमेटी के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। नगर में प्रमुख स्थानों पर सजावट के साथ जुलूस के रास्ते पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए संबंधित लोगों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
निर्धारित समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी, ताकि जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उधर, पुलिस प्रशासन ने भी पारंपरिक आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। सीओ शाहगंज गिरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों ने आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजकों से भी सहयोग की अपील की है।

















