
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पीयू) परिसर स्थित फार्मेसी संस्थान में बुधवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस विशेष स्वास्थ्य अभियान में छात्राओं और अन्य लाभार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एचपीवी का टीका लगवाया।फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र सिंह ने छात्राओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि युवतियों को एचपीवी संक्रमण और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना आज के समय की महती आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति सही जागरूकता और समय पर किया गया टीकाकरण, भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।अभियान के दौरान छात्राओं को महज टीका ही नहीं लगाया गया, बल्कि उन्हें एचपीवी संक्रमण, टीकाकरण के दूरगामी महत्व और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति विस्तार से जागरूक भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने सभी लाभार्थियों को उचित चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर प्रोफेसर नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए एचपीवी टीकाकरण अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि किशोरियों और युवतियों में एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता भी जरूरी है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. श्वेता पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर पूजा सक्सेना, सुरेंद्र कुमार, उद्देश्य सिंह, दिव्यांशु सिंह, नितेश सिंह, हेमंत दुबे और बृजेश यादव समेत विश्वविद्यालय के कई शिक्षक, कर्मचारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















