
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से पहले देश के वीर रणबांकुरों को बड़ा सम्मान मिला है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों का ऐलान किया है. इनमें 13 सम्मान मरणोपरांत हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी, जिनमें 13 मरणोपरांत दिए जाएंगे. इन पुरस्कारों में नौ कीर्ति चक्र, 19 शौर्य चक्र, पांच बार टू सेना मेडल (वीरता) और 36 सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं. कीर्ति चक्र, अशोक चक्र के बाद भारत का शांति के समय दिया जाने वाला दूसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है. शौर्य चक्र शांति के समय दिया जाने वाला तीसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है.
78 वीरता पुरस्कारों को राष्ट्रपति की मंजूरी
कीर्ति चक्र पाने वालों में 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेस) के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज फ्रांसिस और 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेस) के मेजर जितेंद्र राठी शामिल हैं. सात अन्य कीर्ति चक्र मरणोपरांत दिए जाएंगे. सशस्त्र बलों के जिन बहादुर जवानों को प्रतिष्ठित पुरस्कार मरणोपरांत दिए जाएंगे, उनमें 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार गजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, बशीर अहमद, कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह, तारिक हुसैन और इंस्पेक्टर सुनील कुमार शामिल हैं.
19 जवानों और अधिकारियों को शौर्य चक्र
शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में 36 राष्ट्रीय राइफल्स से मेजर परमवीर, 57 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर तरुण वासुदेवन, 12 डोगरा रेजिमेंट से मेजर केशव कुमार, 21 ग्रेनेडियर्स के मेजर गौरव सिंह बृजवाल, 11 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर विपीन कुमार, 3 असम राइफल्स से नायब सूबेदार शंकर राम और 21 पैरा (विशेष बल) के नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट शामिल हैं.
यह पुरस्कार पाने वाले अन्य लोगों में 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार जगतार सिंह, 9 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक नरेंद्र सिंधु (मरणोपरांत), 11 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक कपिल देव, 7 सिख लाइट इन्फैंट्री के सिपाही जसविंदर सिंह, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर सुधीर कुमार शामिल हैं.
शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में उपाधीक्षक धीरज सिंह कटोच, निरीक्षक अजय सिंह चिब, उपाधीक्षक सुखवीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नियाज अहमद, उप कमांडेंट अंजनी कुमार और कांस्टेबल दीपक साह के नाम हैं.
89 ‘मेंशन-इन-डिस्पैचेस’ भी मंजूर
राष्ट्रपति ने 89 ‘मेंशन-इन-डिस्पैचेस’ को मंजूरी दी है. इनमें भारतीय सेना के 75, भारतीय नौसेना के चार और भारतीय वायु सेना के 10 जवान शामिल हैं.ये पुरस्कार भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पहले घोषित किए गए. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लाल किले से समारोह का नेतृत्व करेंगे.
लाल किले पर गाया जाएगा ‘वंदे मातरम’
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह भव्य कार्यक्रम राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150 साल पुरानी विरासत को याद करने और 2047 तक ‘विकसित भारत’ की ओर भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने में ‘युवा शक्ति’ की ऊर्जा, आकांक्षाओं और अहम योगदान का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है. पहली बार, लाल किले पर होने वाले समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम’ गाया जाएगा. इस साल लाल किले पर होने वाले समारोह को देखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से लगभग 5,000 खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है.

















