
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास रविवार को गोदान एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला का शव कई हिस्सों में बिखर गया।
जानकारी के अनुसार गोदान एक्सप्रेस शाहगंज से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस की ओर जा रही थी। खेतासराय रेलवे स्टेशन के पास महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अनिल पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की और महिला की पहचान कराने का प्रयास किया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतका की शिनाख्त में जुटी है।

















