

जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा समाजवाद के महानायक एवं शिक्षाविद आचार्य नरेंद्र देव तथा देश के प्रथम गृहमंत्री एवं प्रथम उपप्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। जिला कार्यालय, सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की।कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों, आदर्शों एवं सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इसके बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के समाजवादी, लोकतांत्रिक एवं वैज्ञानिक विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाजवाद केवल आर्थिक व्यवस्था में बदलाव का नाम नहीं, बल्कि समान अवसर, मानवीय गरिमा, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता स्थापित करने का व्यापक आंदोलन है।
समाजवादी पार्टी इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय और शोषणमुक्त समाज की स्थापना के लिए संघर्षरत है।उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन राष्ट्र की एकता, प्रशासनिक दृढ़ता और जनहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।राकेश मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल की विरासत को किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा तक सीमित नहीं किया जा सकता। वे संपूर्ण राष्ट्र के महापुरुष हैं। उनके नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, सामाजिक सद्भाव तथा किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के समाजवादी विचार और सरदार पटेल की राष्ट्रीय एकता की भावना मिलकर ऐसे भारत का मार्ग प्रशस्त करते हैं, जहां सामाजिक न्याय के साथ राष्ट्रीय एकता भी मजबूत हो।
समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता दीपचंद राम, जिला उपाध्यक्ष श्याम बहादुर पाल, हीरालाल विश्वकर्मा, राजेंद्र यादव टाइगर, महेंद्र प्रताप यादव नेपाल, पूर्व प्रमुख रमापति यादव, जिला सचिव दीपक विश्वकर्मा, भूपेश पांडे, अज्जू मौर्य, वरिष्ठ नेता पूनम मौर्य, सभासद एवं राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी अलमास अहमद सिद्दीकी, सभासद शाहनवाज अहमद, डॉ. वीरेंद्र यादव, उषा जायसवाल, पप्पू यादव जमैथा, अशोक मिश्रा, संदीप यदुवंशी, आतीश सोनकर, नज्में आलम, वीरेंद्र यादव, नंदलाल यादव, अशफाक मंसूरी, हरिश्चंद्र प्रभाकर, सुशीला यादव, सोनी सेठ, पिंकी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















