
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस कार्यालय में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने तीन उप निरीक्षकों और एक मुख्य आरक्षी को उनके लंबे, उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के लिए !
सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उप निरीक्षक जय प्रकाश दुबे (थाना लोहता), उप निरीक्षक राम नरायन राम (थाना भेलूपुर), घुड़सवार पुलिस के उप निरीक्षक मोहन यादव (पुलिस लाइन) तथा मुख्य आरक्षी भरत प्रसाद (पुलिस लाइन) शामिल रहे।समारोह को संबोधित करते हुए !
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया। उनके सराहनीय योगदान से पुलिस विभाग की गरिमा और प्रतिष्ठा बढ़ी है। उनका सेवाकाल और कार्यशैली विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस दौरान पुलिस आयुक्त ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिह्न एवं फोटो फ्रेम भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का माहौल भावुक रहा और सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

















