
जौनपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा टीबी मरीजों के सहयोग के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के मुख्यालय गौरीशंकर मंदिर, सिंगरामऊ के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह एवं सहयोगियों ने 90 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरित किया।
कार्यक्रम के दौरान एसटीएस तरुण कुमार ने टीबी बीमारी के लक्षणों, बचाव एवं उपचार के साथ ही सरकार द्वारा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मरीजों से नियमित उपचार कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी टीबी मरीजों के मोबाइल में टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड कराया गया। साथ ही टीबी उन्मूलन अभियान में रुचि रखने वाले लोगों को वालंटियर के रूप में पंजीकृत किया गया, ताकि वे भी अभियान से जुड़कर लोगों को जागरूक करने में सहयोग कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन कुमार अनुज सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से लालमणि मिश्रा, तौकीर अहमद, उषा यादव, किरण यादव, किरण सरोज, सद्दाम हुसैन, सूरज गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

















