
जौनपुर। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक जेल परिसर में रहकर विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
इस दौरान अधिकारियों ने बैरकों में पहुंचकर बंदियों से सीधे बातचीत की और उनके रहन-सहन, स्वास्थ्य तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था भी परखी गई।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि जिला कारागार में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं और फिलहाल किसी प्रकार की बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि जिले में नई जेल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद वर्तमान जिला कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों को नई जेल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

















