
जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शाहगंज स्थित राधिका इंटरनेशनल कॉलेज परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 17 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें कुल 1274 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार दिया।
चयन प्रक्रिया के बाद 354 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 11 चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ऑफर लेटर वितरित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ शाहगंज विधायक रमेश सिंह, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिला सेवायोजन अधिकारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्य अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य और सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़कर रोजगार के योग्य बना रही है। युवाओं की प्रतिभा और कौशल को सही दिशा एवं अवसर मिलने से विकास को नई गति मिलती है।
उन्होंने रोजगार पाने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।रोजगार मेले में अडानी सोलर एनर्जी लिमिटेड, सूर्या कंस्ट्रक्शन, तिरुमला फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया, महादेव हनुमान सर्विस, उड़ान मैनपावर सर्विस, ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल एवं आयुर्वेदिक, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी, जेबी इंडस्ट्रीज, रक्सा सिक्योरिटी सर्विसेज लिमिटेड, क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण लिमिटेड, सोपोजोन इंडिया सहित 17 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की।मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, डिप्लोमा एवं कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के साथ अकुशल श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभ्यर्थियों ने अपनी शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर आवेदन किया और साक्षात्कार में हिस्सा लिया।इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

















