
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक के कमांड हाउस के समीप स्थित किड बेकर्स की दुकान में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के भीतर से धुएं का गुबार तथा आग की तेज लपटें दिखाई देने लगीं।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग से दुकान में रखा सामान और अन्य संपत्ति कितनी प्रभावित हुई है, इसका भी अभी आकलन नहीं हो पाया है।
दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद आग पूरी तरह बुझने पर ही नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा। वहीं, आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।

















