
जौनपुर शाहगंज में सावन के अंतिम सोमवार की पूर्व संध्या पर शाहगंज नगर के अयोध्या मार्ग स्थित जेसीस चौराहे पर नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की ओर से कांवड़िया भक्तों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जलपान का आयोजन किया गया। शिविर में यात्रा पर निकले हजारों शिवभक्तों को जलपान कराया गया।
चिकित्सकों की टीम ने कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाने के उद्देश्य से चिकित्सक पूरे समय सेवा में जुटे रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ चिकित्सकों ने कांवड़ियों को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए।शिविर के संयोजक डॉ. जे.पी. सेठ, डॉ. बलवंत सिंह एवं डॉ. ओन मोहम्मद हाशमी रहे।
वहीं अध्यक्ष डॉ. शौकत खान, सचिव डॉ. नदीम खान और कोषाध्यक्ष डॉ. खुर्शीद अली के साथ डॉ. सरफुद्दीन, डॉ. अतुल कुमार यादव, डॉ. डीसी तिवारी सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी।आयोजकों ने कहा कि सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। इसी सेवा भावना के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और जलपान की व्यवस्था की गई।
शिविर में पहुंचे शिवभक्तों ने आयोजन की सराहना करते हुए चिकित्सकों एवं आयोजकों के प्रति आभार जताया।शिविर के दौरान कांवड़ियों की सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। नीमा की पहल को स्थानीय स्तर पर सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा सराहनीय प्रयास बताया गया।

















