
जौनपुर खेतासराय। भाजपा नेता राजू बिंद ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को विकास और जनकल्याण की सरकार बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने के साथ गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
गांवों तक सड़क, बिजली, आवास, राशन और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता में रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।वह क्षेत्र के जमदहा, अब्बोपुर, तारगहना, सरलापुर, पुरईखुर्द, सफीपुर समेत क़रीब दर्जन भर गांवो का दौरा किया ।
मीडिया से मुख़ातिब भाजपा नेता ने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का असर अब गांव और कस्बों में साफ दिखाई दे रहा है।विपक्ष पर हमला बोलते हुए राजू बिंद ने कहा कि भाजपा सरकार के कामों के सामने विपक्ष के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। लंबे समय तक सत्ता में रहे विपक्षी दल यदि वास्तव में विकास को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें अपने कार्यकाल के कामों का हिसाब भी जनता के सामने रखना चाहिए। केवल सरकार की आलोचना करने और आरोप लगाने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि जनता अब काम, विकास और जनहित की योजनाओं को देखकर अपना निर्णय ले रही है। भाजपा सरकार का लक्ष्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

















