
जौनपुर) । शाहगंज तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल को फेसबुक पर सरकार की नीतियों को लेकर व्यंग करना भारी पड़ गया। बारा गांव में तैनात लेखपाल अशोक यादव ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘चाय खतरे में है मित्र, चीनी पहुंच गई सत्तर!
उनकी इस टिप्पणी के अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामले में उपजिलाधिकारी ने लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।लेखपाल अशोक यादव की फेसबुक पोस्ट को लेकर अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल साइट पर सरकार की नीतियों के संबंध में टिप्पणी करने को सेवा आचरण नियमों के विपरीत माना गया। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।निलंबन के साथ ही मामले की जांच नायब तहसीलदार सरपतहां को सौंपी गई है। जांच अधिकारी पोस्ट की सत्यता, उसके संदर्भ और पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार सौरभ सिंह ने बताया कि सरकारी कर्मचारियों को सरकार की नीतियों के खिलाफ सोशल साइट पर किसी तरह की पोस्ट या टिप्पणी करने से बचना चाहिए। इंटरनेट मीडिया पर टिप्पणी प्रसारित होने का मामला सामने आने पर उपजिलाधिकारी ने लेखपाल को निलंबित किया है। मामले की जांच नायब तहसीलदार सरपतहां को दी गई है।

















