
खेतासराय(जौनपुर) । उत्तर रेलवे के लखनऊ-वाराणसी-अयोध्या रेल प्रखण्ड पर बुधवार की दोपहर खेतासराय रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते वाराणसी से अयोध्या की ओर जा रही अप मालगाड़ी करीब 22 मिनट तक खड़ी रही। लोको पायलट ने इंजन की खराबी को दुरुस्त करने के बाद मालगाड़ी को आगे रवाना किया। इस दौरान रेलवे गेट बंद रहने से खेतासराय-दीदारगंज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मालगाड़ी करीब 2:30 बजे गेट संख्या 55 एसपीएल के पास पहुंची थी। इसी दौरान इंजन में तेज आवाज के साथ खराबी आ गई और मालगाड़ी वहीं रुक गई। अचानक मालगाड़ी रुकने से कुछ देर के लिए आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
लोको पायलट ने इंजन की जांच कर तकनीकी खराबी को दूर किया। करीब 2:52 बजे मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया।मालगाड़ी के खड़े रहने से खेतासराय-दीदारगंज मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, मालगाड़ी के रवाना होने के बाद यातायात भी धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी यात्री ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।स्टेशन मास्टर सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि इंजन में प्रेशर कम होने के कारण मालगाड़ी रुक गई थी। लोको पायलट ने जांच के बाद तकनीकी समस्या को दूर कर दिया, जिसके बाद करीब 22 मिनट में मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। इस दौरान किसी अन्य ट्रेन के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

















