
केराकत जौनपुरतहसील केराकत के मुफ्तीगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम बलईपुर बैरगिया (पतीला) के ग्रामीणों ने शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर सार्वजनिक चकमार्ग पर लगाए गए विद्युत ट्रांसफार्मर एवं बिजली के पोल हटवाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि चकमार्ग पर ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने और दोनों ओर बिजली के पोल गाड़ दिए जाने से आवागमन बाधित हो गया है तथा हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।शिकायतकर्ता एवं भूतपूर्व सैनिक कुनाल यादव ने बताया कि ग्राम बलईपुर की कटहरी सीमा स्थित उक्त चकमार्ग से आसपास के कई गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
उनका आरोप है कि विद्युत विभाग ने सार्वजनिक रास्ते पर ही ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है, जिससे लोगों को बिजली के पोलों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे करंट लगने सहित अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत 29 अगस्त को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अखिलेश सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया। इस पर उपजिलाधिकारी ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।कुनाल यादव ने यह भी बताया कि बेलांव बाजार–बीरमपुर चंडी मार्ग तथा मामपुर–भडेहरी मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं। बरसात के दिनों में इन सड़कों पर आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है!
जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर चकमार्ग के दोनों ओर लगे बिजली के पोलों को एक ओर स्थानांतरित कराया जाए तथा सार्वजनिक रास्ते को पूरी तरह खाली कराया जाए, ताकि लोगों का सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके। इसके लिए संपूर्ण समाधान दिवस में शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा गया है।

















