
संवाददाता नवनीत सिंह
सुल्तानपुर जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नेकराही निवासी सऊदी अरब में कार्यरत अकबर अली की 9 वर्षीय पुत्री माहिरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह शहर के एक विद्यालय में कक्षा 1 की छात्रा थी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल का ड्राइवर बच्ची को राजकीय मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर वहां से चला गया और स्कूल प्रशासन की ओर से परिजनों से कोई संपर्क नहीं किया गया।
इस दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं बच्ची के दादा मोहम्मद अली ने बताया कि माहिरा सुबह बिल्कुल स्वस्थ थी और स्कूल बस से एस कॉन्वेंट स्कूल गई थी। दोपहर करीब एक बजे स्कूल से फोन आया कि वह बीमार है। जब परिजन स्कूल जा रहे थे, तभी बताया गया कि उसे अस्पताल ले गए हैं।
अस्पताल पहुंचने पर बच्ची मृत अवस्था में बेड पर पड़ी मिली। जब अस्पताल कर्मियों से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि दो लोग उसे वहां लिटाकर बिना कोई जानकारी दर्ज कराए भाग गए। दादा के अनुसार स्कूल की तरफ से कोई भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था।
दूसरी तरफ स्कूल प्रबंधक डॉ. वीके शुक्ला ने बताया कि बच्ची को अचानक झटके आए थे और हालत गंभीर देखकर उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उन्होंने स्टाफ के न पहुंचने के आरोप को नकारते हुए कहा कि बच्चे को स्कूल स्टाफ और ड्राइवर के साथ ही अस्पताल भेजा गया था। घटना की सूचना पाकर मौके पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह पहुंचे और उन्होंने मामले की गहन जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

















