
जफराबद। नगर पंचायत जफराबाद के मलहद में मंगलवार को एक जेसीबी मशीन अचानक फिसलकर गढ्ढे में जा गिरी। इस हादसे में जेसीबी चालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि जफराबाद नगर पंचायत की जेसीबी मोहल्ला मल्हद में गड्ढा खोदने के लिए गई थी। काम पूरा करने के बाद जेसीबी वापस लौट रही थी। इसी दौरान झंझरी मस्जिद के पास इंटरलॉकिंग सड़क किनारे बनी दीवार पर जेसीबी का भार पड़ गया।
दबाव बढ़ने से दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार के ढहते ही जेसीबी का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से चालक घबरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना नगर पंचायत कार्यालय को दी।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक के बाल-बाल बचने से लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से जेसीबी को गड्ढे से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।

















