
संवाददाता मोहम्मद अरशद
खेतासराय(जौनपुर)। शासन के निर्देश पर मंगलवार की दोपहर यातायात पुलिस ने वाराणसी-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर खेतासराय मुख्य चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से हाईवे पर वाहन चालकों में खलबली मच गई।
टीम ने 100 से अधिक चार पहिया वाहनों की जांच की। यातायात नियमों और निर्धारित मानकों में कमी मिलने पर 40 वाहनों का व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया।चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट, नंबर प्लेट और जरूरी कागजात की जांच की गई। सीट बेल्ट नहीं लगाने, बिना नंबर वाहन चलाने तथा कागजात में कमी मिलने पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।टीएसआई राजेश सिंह ने बताया कि हाईवे पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें और वाहन के सभी जरूरी कागजात दुरुस्त रखें।
नियमों का पालन करने से हादसों का खतरा कम होता है और सड़क पर सभी की सुरक्षा बनी रहती है। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।टीएसआई राजेश सिंह के नेतृत्व में चले अभियान में यातायात सिपाही मिंटू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

















