
संवाददाता नौशाद मंसूरी
शाहगंज (जौनपुर) हल्की बारिश होते ही शाहगंज तहसील परिसर में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। मंगलवार को तहसील परिसर में हुए भारी जलभराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीओ कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर पानी भरा दिखाई दे रहा है!
जहां स्थानीय विधायक रमेश सिंह की गाड़ी भी जलभराव के बीच खड़ी नजर आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश में भी परिसर का बड़ा हिस्सा पानी में डूब जाता है। इससे तहसील आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिसलन और जलभराव के कारण लोगों के गिरने का भी खतरा बना रहता है।
मंगलवार को तहसील परिसर स्थित सभागार में विधायक रमेश सिंह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां मुख्यमंत्री के आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय वृद्धि संबंधी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मौजूद रहीं।इसी दौरान हुई बारिश के बाद तहसील परिसर में जलभराव हो गया। विधायक की गाड़ी भी पानी से भरे मार्ग पर खड़ी दिखाई दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तहसील परिसर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों का तहसील परिसर में लगातार आना-जाना रहता है, बावजूद इसके वर्षों से बनी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने तहसील परिसर में बेहतर जल निकासी व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।

















