
जौनपुर केराकत पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से MDMA तैयार करने और उसकी तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 317 ग्राम तैयार MDMA, 660 ग्राम अर्धनिर्मित MDMA के अलावा नशीला पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, 9,500 रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान ग्रैंड वेलकम होटल में छापेमारी की गई थी।
छापेमारी के बाद पुलिस को MDMA के अवैध कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर जांच और कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय कुमार मौर्य, सुनील सोनकर, राहुल सोनकर और विश्वकर्मा कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद 317 ग्राम MDMA तैयार अवस्था में था, जबकि 660 ग्राम अर्धनिर्मित MDMA मिला। इसके अलावा ड्रग्स तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई है इनसेट-नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश*पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
साथ ही MDMA कहां तैयार किया जाता था, इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है, इसकी भी जांच की जा रही है।होटल में हुई कार्रवाई के बाद सामने आए इस मामले ने जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

















