
खेतासराय। जौनपुर राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद ने बुधवार को राजधानी स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचीं फरियादियों ने अपनी शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं।
सदस्य ने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध ढंग से निस्तारण कराने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
गीता बिंद ने संबंधित अधिकारियों से मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जहां आवश्यक हुआ, वहां लापरवाही पर नाराजगी जताई और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी स्तर पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने फरियादियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया।
आयोग की ओर से महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं का उचित समाधान कराने के लिए हर संभव प्रयास का भरोसा दिया गया।गीता बिंद ने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों को सुनकर उन्हें न्याय दिलाना और संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं का प्रभावी समाधान कराना है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

















