
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला तिराहे पर दो व्यक्तियों को गोली लगने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां से हालत को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, गोली लगने वालों की पहचान विपिन यादव उर्फ मखनचू और अंश के रूप में हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।जांच के दौरान पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करंजाकला तिराहे पर दोनों पक्षों की गाड़ियां आमने-सामने आ गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और विवाद बढ़ने पर फायरिंग की घटना हो गई।
पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















