
संवाददाता अरविंद कुमार यादव
ग्रामीणों का बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, ट्रांसफार्मर हटाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शनकेराकत जौनपुरमुफ्तीगंज विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत बलईपुर (पतीला) गांव में गुरुवार को चकमार्ग के किनारे लटके हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला की पहचान शशिकला पत्नी उमेश के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।बताया गया कि शशिकला खेत से पशुओं के लिए चारा काटकर घर लौट रही थीं। रास्ते में चकमार्ग के बीच स्थापित ट्रांसफार्मर के पास पहुंचते ही वह नीचे लटके हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि चकमार्ग के बीच लगे ट्रांसफार्मर और नीचे झूल रहे बिजली के तारों की शिकायत कई बार बिजली विभाग, उपजिलाधिकारी केराकत तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन खेतों तक आवागमन होता है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।महिला के घायल होने के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और चकमार्ग से ट्रांसफार्मर व बिजली के खंभे हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।इस दौरान भूतपूर्व सैनिक कुनाल यादव भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन में अजित वर्मा, पिटर यादव, अशोक कुमार, आनंद कुमार, सीताराम, रामनिहोर, उमेशचंद, प्रकाश, यशवंत, जयप्रकाश, रामजतन, विजयलाल, पवन, अंकित, शैलेन्द्र, शनि, पंकज, मंकर, रामकिशुन, अर्जुन, शकलदीप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

















