
शाहगंज(जौनपुर)नगर के भटियारी सराय निवासी नईम हसन ने अपने बैंक खातों से बिना अनुमति धनराशि निकाले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक जौनपुर से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, उसके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खातों से कई बार करके 50 हजार रुपये की धनराशि निकाली गई। उसे इस घटना की जानकारी काफी समय बाद हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने बैंक लेन-देन और मोबाइल संबंधी गतिविधियों की जांच कराई तो उसे कथित अनधिकृत निकासी की जानकारी मिली।
नईम हसन ने बताया कि वह इस संबंध में पूर्व में थाना और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुका है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। उसने आरोप लगाया कि इस घटना से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उसका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा बैंक खातों से धनराशि निकालने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, निकाली गई धनराशि वापस दिलाने की भी मांग की गई है।वही पुलिस कप्तान के निर्देश पर शाहगंज कोतवाली पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

















