
संवाददाता नौशाद मंसूरी
शाहगंज (जौनपुर)नगर पालिका शाहगंज क्षेत्र में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। आरोप है कि आवेदन करने के एक-दो नहीं बल्कि कई-कई महीने बाद भी सैकड़ों लोगों के प्रमाणपत्र जारी नहीं हो सके हैं। मजबूरन आवेदकों को नगर पालिका और तहसील कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।आवेदकों का कहना है कि हर बार उन्हें अलग-अलग कारण बताकर वापस कर दिया जाता है।
कभी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने, कभी फाइल तहसील भेजे जाने तो कभी वेबसाइट न खुलने का हवाला दिया जाता है। ऐसे में जरूरतमंद लोग अपने जरूरी काम छोड़कर बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जन्म प्रमाणपत्र न मिलने से बच्चों के स्कूलों में प्रवेश और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं मृत्यु प्रमाणपत्र के अभाव में मृतकों के परिजनों को भी विभिन्न सरकारी और जरूरी कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि उनकी समस्याओं के प्रति जिम्मेदार गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण कर प्रमाणपत्र जारी किए जाएं, ताकि जनता को बेवजह नगर पालिका और तहसील के चक्कर न काटने पड़ें।

















