
खेतासराय(जौनपुर)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं लद्दाख के संगठन सृजन अभियान के प्रभारी नदीम जावेद इन दिनों लद्दाख के दौरे पर है। अभियान के तहत उन्होंने नुब्रा वैली के अंतिम गांव थांग से जीरो बॉर्डर तक पहुंचकर सीमा क्षेत्र का जायजा लिया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनमें संगठनात्मक सक्रियता का जोश भरा।
सीमा क्षेत्र में पहुंचकर नदीम जावेद ने कहा कि देश की सरहदें केवल नक्शे पर खींची गई लकीरें नहीं है। इनके पीछे हमारी मिट्टी, पहचान, जवानों का परिश्रम और करोड़ों देशवासियों की भावनाएं जुड़ी हैं। सरहद पर पहुंचकर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और गौरव की अनुभूति होती है।उन्होंने कहा सरहद पर खड़े होकर देश की मिट्टी और जवानों के समर्पण को महसूस करने का अवसर मिला।
थांग से जीरो बॉर्डर तक का यह सफर देश की एकता और अखंडता के प्रति विश्वास को और मजबूत करता है। कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान देश के हर हिस्से में लोकतंत्र और संविधान की आवाज को मजबूत करने का संकल्प है। कार्यकर्ता इसी जज्बे के साथ जनता के बीच संगठन को मजबूत करने में जुटें।
श्री नदीम जावेद ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस देश के अलग-अलग हिस्सों में संगठन को मजबूत करने के साथ लोकतंत्र, संविधान और जनता की आवाज को मजबूती देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ सक्रिय होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

















