
खेतासराय। अर्जनपुर गांव में गुरुवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि घर के बाहर खड़े किशोर के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज के बाद मारपीट की। घटना में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्वजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उक्त गांव निवासी शिवा (14) पुत्र जगदम्बा के मुताबिक, रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और उससे गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो मारपीट कर रहे लोग वहां से चले गए। घटना में शिवा को गंभीर चोटें आईं।
स्वजन घायल किशोर को लेकर पीएचसी सोंधी पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

















