
जौनपुर। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक लाइन बाजार चौराहा से टीडी कॉलेज रोड पर इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। सड़क के दोनों पटरियों पर ठेले वालों और अवैध दुकानदारों ने इस कदर अतिक्रमण कर रखा है कि यहाँ आए दिन लंबा जाम लग रहा है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए यह मार्ग बड़ी मुसीबत का सबब बन चुका है।
सड़क पर ठेले, राहगीर परेशान स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीडी कॉलेज मार्ग पर ठेले वालों ने आधी से ज्यादा सड़क को अपनी चपेट में ले लिया है। फल, सब्जी और चाट-पकौड़े के ठेले सड़क के बीचो-बीच तक आ जाते हैं, जिससे खरीदारी करने वालों की भीड़ भी सड़क पर ही जुटती है।
इस वजह से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिलती और हर आधे घंटे में यहाँ भारी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। टीडी कॉलेज के छात्र-छात्राओं और कोचिंग आने वाले बच्चों को भी इस अव्यवस्था के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।जिला प्रशासन की सुस्ती पर उठे सवाल हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद जिला प्रशासन और नगर पालिका की तरफ से इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। राहगीरों का कहना है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन इस अवैध कब्जे को देखकर भी अनदेखा कर दिया जाता है।
प्रशासन की इस बेरुखी के कारण ठेले वालों के हौसले बुलंद हैं और सड़क दिन-ब-दिन और संकरी होती जा रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना की जिला प्रशासन कब संज्ञान में लेंगी लाइन बाजार से टीडी कॉलेज रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और इन ठेले वालों के लिए कोई वैकल्पिक वेंडिंग जोन तय किया जाए, ताकि आम जनता को इस रोज-रोज के नरकीय जाम से मुक्ति मिल सके।

















