
जौनपुर खेतासराय। विकासखंड सोंधी के तारगहना गांव में अराजक तत्वों ने प्राथमिक विद्यालय को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लगी इंटरलॉकिंग ईंटें उखाड़ दीं। आरोप है कि बीच सड़क से ईंटें उखाड़ने के बाद उन्हें मौके से गायब भी कर दिया गया। मंगलवार की सुबह रास्ते की स्थिति देख ग्राम प्रधान मंगला प्रसाद बिंद के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों और पुलिस को देकर जांच कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत तारगहना में प्राथमिक विद्यालय को जोड़ने वाले मार्ग पर सदर विधायक एवं राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव की निधि से इंटरलॉकिंग कराई गई थी। इसका लोकार्पण भी किया जा चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार की रात अराजक तत्वों ने सड़क के बीच हिस्से में लगी इंटरलॉकिंग ईंटों को उखाड़ दिया। इसके बाद ईंटों को वहां से हटा दिया गया। इससे मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
सुबह मार्ग से गुजरने के दौरान ग्राम प्रधान मंगला प्रसाद बिंद की नजर क्षतिग्रस्त हिस्से पर पड़ी। उन्होंने तत्काल खंड विकास अधिकारी को सूचना दी। साथ ही ग्राम पंचायत के सचिव हरिश्चंद्र यादव को भी अवगत कराया। सूचना मिलने पर सचिव मौके पर पहुंचे !
और क्षतिग्रस्त मार्ग का निरीक्षण किया।ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और इंटरलॉकिंग ईंटें गायब करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराकर दोबारा इंटरलॉकिंग कराने की भी मांग उठाई है।

















