
खेतासराय(जौनपुर)। क्षेत्र के डा० वकील नजीर इंटर कॉलेज मानीकलां में विद्यार्थियों को नीट, आईआईटी प्रवेश परीक्षा और तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कॉलेज के प्रबंधक डॉ. वकील नजीर ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा के अवसर और भविष्य में करियर चयन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में पूरी लगन से मेहनत करें। नीट,आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश पाने के लिए नियमित अध्ययन, विषयों की बुनियादी समझ और समय प्रबंधन बेहद जरूरी है। केवल परीक्षा के समय पढ़ाई करने के बजाय शुरुआत से ही तैयारी की आदत विकसित करनी चाहिए।
विद्यार्थियों को मोबाइल और अन्य क्रिया कलाप से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने, अपनी कमजोरियों को पहचानने और शिक्षकों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।वक्ताओं ने कहा कि आज तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जिज्ञासा, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। आर्थिक परिस्थितियां या संसाधनों की कमी विद्यार्थियों के सपनों में बाधा नहीं बननी चाहिए।
मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।कार्यक्रम में उप प्रबन्धक राफे शमीम नज़ीर, असिस्टेंट मैनेजर इस्मत शमीम नज़ीर, प्रधानाचार्य उमेश चंद्र सिंह, शिक्षिकाएं खुशबू बानो, अर्चना सिंह, अज़वा नाज़ समेत विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करते हुए बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

















