
रिपोर्टर असलम केराकत
केराकत (जौनपुर)। श्रीरामलीला नाटक समिति के प्रबंधक एवं भाजपा युवा नेता सुशील कुमार पटवा ने केराकत के विकास को लेकर पूर्व विधायक दिनेश चौधरी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मौजूदा जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिनेश चौधरी के विधायक रहते केराकत विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी सहित कई क्षेत्रों में विकास कार्य कराए गए। विधायक न रहने के बाद भी वह जाति-पाति से ऊपर उठकर क्षेत्र की जनता के बीच रहते हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते हैं।
सुशील पटवा ने कहा कि केराकत क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और रोजगार से जुड़ी समस्याएं आज भी बनी हुई हैं। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मौजूदा जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केराकत से सपा के तूफानी सरोज विधायक और मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से उनकी पुत्री प्रिया सरोज सांसद हैं। इसके बावजूद क्षेत्र की कई समस्याओं का समाधान अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जनता विकास के साथ-साथ सड़क, बिजली, पानी और रोजगार जैसे मुद्दों पर काम चाहती है।
सुशील पटवा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा और मजबूत होकर उभरेगी तथा केराकत में पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता विकास के मुद्दे पर अपना निर्णय करेगी।

















