
बदलापुर, जौनपुर। क्षेत्र के देवापट्टी गांव निवासी सर्वजीत खरवार के करीब नौ वर्षों से लापता होने के बाद उनके परिजनों ने उन्हें मृत घोषित किए जाने को लेकर विधिक प्रक्रिया शुरू की है। इस संबंध में उनके पुत्रों सौरभ खरवार, संतोष खरवार, अवधेश खरवार और राजेश खरवार की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस के अनुसार सर्वजीत खरवार मुंबई में महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी में नौकरी करते थे और सेवानिवृत्त होने के बाद भी मुंबई में ही रह रहे थे। 10 अक्टूबर 2017 से उनका कोई अता-पता नहीं है। परिजनों ने बताया कि लंबे समय से उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों के मुताबिक मुंबई के समता नगर पुलिस थाने में 22 अक्टूबर 2017 को प्रार्थना पत्र भी दिया गया था, लेकिन पुलिस की ओर से तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, मगर उनके बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।नोटिस में कहा गया है कि लंबे समय से लापता होने और किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिलने के कारण परिजनों को आशंका है कि सर्वजीत खरवार की मृत्यु हो चुकी है।
यदि वह जीवित होते तो अब तक अपने परिवार के बीच अवश्य लौटते। इसी आधार पर उनके पुत्रों की ओर से सिविल डेथ डिक्लेरेशन (नागरिक मृत्यु की घोषणा) कराए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।नोटिस के माध्यम से जिलाधिकारी जौनपुर तथा ग्रामसभा देवापट्टी, तहसील बदलापुर को पक्षकार बनाया गया है। नोटिस की तारीख 7 सितंबर 2026 अंकित है।

















