
खेतासराय(जौनपुर)। नगर के दीदारगंज मार्ग स्थित खेतासराय रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार को ट्रेन आने के दौरान तेज रफ्तार टेंपो ने फाटक के बूम में टक्कर मार दी। इससे उत्तरी गेट का बूम क्षतिग्रस्त हो गया। गेटमैन ने तत्काल स्लाइडर बूम लगाकर क्रॉसिंग पर आवागमन रोका। इस दौरान शाहगंज की ओर से आ रही पटना-कोटा एक्सप्रेस करीब दो मिनट तक आउटर पर खड़ी रही। बाद में ट्रेन को रवाना किया गया।
रेलवे स्टेशन के पास क्रॉसिंग संख्या 55-एस पर शुक्रवार को करीब 11:45 बजे ट्रेन आने का सिग्नल मिला था। गेटमैन फाटक बंद कर रहा था। इसी दौरान खेतासराय की ओर से तेज गति से आया टेंपो उत्तरी गेट के बूम से टकरा गया। टक्कर से बूम टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
गेटमैन ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर समेत संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद स्लाइडर बूम लगाकर किसी तरह क्रॉसिंग को सुरक्षित किया गया। इसी बीच शाहगंज जंक्शन की ओर से पटना-कोटा एक्सप्रेस पहुंच गई। क्षतिग्रस्त फाटक के कारण ट्रेन को करीब दो मिनट तक आउटर पर रोकना पड़ा। व्यवस्था सामान्य होने पर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
हादसे की सूचना पर आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के बाद भाग रहे टेंपो चालक को वाहन समेत पकड़ लिया। आरपीएफ उपनिरीक्षक मंजू रजक ने बताया कि मामले में रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। रेलवे की तकनीकी टीम ने करीब दो घंटे बाद क्षतिग्रस्त फाटक को दुरुस्त किया।

















