
केराकत/जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के पौनी हसनपुर निवासी संजीवन राम की पत्नी संगीता देवी के बैंक खाते से बिना जानकारी 45 हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत सामने आई है। महिला के अनुसार उनके खाते में करीब 45 हजार रुपये जमा थे।
इसमें उनके भाई द्वारा भेजी गई रकम भी शामिल थी।संगीता देवी का आरोप है कि जब वह रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंचीं तो खाते से पूरी रकम गायब मिली। महिला ने बिना पूर्व सूचना खाते से रुपये निकाले जाने की शिकायत सरकी पुलिस चौकी और पीआरवी-112 से की।
मामले की जानकारी होने पर परिजनों में चिंता व्याप्त हो गई।महिला के पति संजीवन राम हृदय रोग से पीड़ित बताए गए हैं। परिवार में उनके पिता कन्हैया राम और माता राजपति देवी हैं। संजीवन तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनके छोटे भाई अजय कुमार और पप्पू हैं। बताया गया कि परिवार के दो सदस्य मुंबई में रहते हैं।
मामले में पेसारा स्थित यूनियन बैंक के प्रभारी अनूप कुमार से जानकारी ली गई। बैंक प्रभारी के अनुसार संगीता देवी के ससुर के नाम केसीसी ऋण था, जिसके कारण खाते से रकम निकाली गई थी और बाद में उसे वापस कर दिया गया। वहीं, महिला और परिजनों ने खाते से बिना जानकारी रकम निकाले जाने की पूरी जांच कराने की मांग की है।

















