
जौनपुर शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के खुटहन रोड स्थित पूरेआजम में अम्बेडकर प्रतिमा के पास एक महिला के सड़क हादसे में घायल होने के बाद निजी क्लीनिक में कथित तौर पर गलत उपचार किए जाने का मामला सामने आया है। जिससे आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक पर जमकर हंगामा किया।
पीड़ित के पुत्र किशन मोदनवाल ने सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर रफीक फारूकी शाहगंज-को लिखित शिकायती पत्र देकर संबंधित चिकित्सक की डिग्री की जांच और बेसमेंट में संचालित अस्पताल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है!
पीड़िता के पुत्र किशन के अनुसार, वह किअपनी माता रेखा देवी को बाइक पर बैठाकर नौपेड़वां से घर लौट रहे थे। बुधवार को दोपहर करीब दो बजे पूरेआजम स्थित अम्बेडकर प्रतिमा के पास रेखा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बाइक से गिर गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।परिजन उन्हें उपचार के लिए नजदीकी सिद्धार्थ क्लीनिक ले गए। आरोप है कि वहां चिकित्सक ने सिर में टांके लगाए, जबकि सिर के अंदर कंकड़ मौजूद थे। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने क्लीनिक संचालक डॉ. एके राव से मरीज को रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन आरोप है!
कि उन्होंने मरीज को काफी देर तक रोके रखा। शाम तक हालत और गंभीर होने पर परिजन किसी तरह रेखा देवी को वहां से निकालकर गौरव हॉस्पिटल ले गए, जहां उन्हें नाजुक स्थिति में भर्ती कराया गया।किशन मोदनवाल ने प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि जानकारी करने पर संबंधित चिकित्सक की डिग्री संदिग्ध होने का पता चला और बेसमेंट में अस्पताल संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर आरोपी चिकित्सक की शैक्षिक एवं चिकित्सकीय योग्यता का सत्यापन कराने तथा नियमों के विपरीत संचालित अस्पताल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

















