
जौनपुर। इंदिरा गांधी स्टेडियम, सिद्दीकपुर में बुधवार को दो दिवसीय 76वीं जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन जनता जनार्दन इंटर कॉलेज, जासोपुर चकिया के तत्वावधान में किया गया।समारोह में विशिष्ट अतिथि सुनील यादव ‘मम्मन’, प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख करंजाकला उपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह तथा विद्यालय के प्रबंधक लाल साहब यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर स्वागत किया।मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
खेलों से युवाओं में अनुशासन, सहनशीलता और चरित्र निर्माण की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें सीनियर बालक वर्ग में इंटर कॉलेज रामगढ़ बरांव के स्वप्निल कुमार, राम जानकी इंटर कॉलेज जमालपुर के शिव ओम, जूनियर बालक वर्ग में इंटर कॉलेज नकहरा के सुजीत कुमार, सब-जूनियर वर्ग में इंटर कॉलेज चक्के के आदित्य अब्राहम तथा सीनियर बालिका वर्ग में एसआर इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर गौर की उजाला शामिल रहीं।
तहसील सदर के कोच संतोष पटेल को भी सम्मानित किया गया।विशिष्ट अतिथि सुनील यादव ‘मम्मन’ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संचालन राम दुलार यादव, राम प्रताप विश्वकर्मा, डॉ. महारुद्र सिंह और गौरव तिवारी ने किया। इस मौके पर अतुल प्रकाश यादव, वीरेंद्र यादव रविचंद्र, निखिल सिंह, राजू सिंह, दिलीप सिंह ,कृष्ण मोहन, सुरेश यादव संतोष पटेल सुदीप सिंह मौजूद रहे ।अंत में प्रबंधक लाल साहब यादव और प्रधानाचार्य रमेश चंद्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

















