
खेतासराय(जौनपुर)। जौनपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता परखने के लिए एसपी सिटी अनंत चंद्रशेखर ने गुरुवार देर रात खेतासराय थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेखों से लेकर कार्यालयी व्यवस्थाओं और लंबित मामलों की प्रगति तक का जायजा लिया।
इस दौरान थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह को अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने, फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और महिला सेल का जायजा लिया। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और कामकाज की स्थिति देखी।
इसके बाद थानाध्यक्ष से विभिन्न मामलों की जानकारी लेते हुए उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने न्यायालय से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और लंबित मामलों में अनावश्यक देरी नहीं करने की हिदायत दी।एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका असर क्षेत्र में भी दिखाई देना चाहिए। इसके लिए निर्धारित समय पर नियमित गश्त करने, प्रमुख स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के साथ लंबित विवेचनाओं में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों से बातचीत कर ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने शराब माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मामलों के शीघ्र निस्तारण और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया ।

















