
जौनपुर शाहगंज क्षेत्र के फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज, तालीमाबाद सबरहद में भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 95वीं जयंती विश्व छात्र दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर यूजीसी नेट में सफल छात्राओं और शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक नासिर जमाल शेख ने की, जबकि मुख्य अतिथि रजिया शेख (मुंबई) रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. कलाम का जीवन सादगी, मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश हुए बिना बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा और अनुशासन के महत्व पर भी जोर दिया।इस अवसर पर भाषण, निबंध लेखन, विज्ञान मॉडल और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यूजीसी नेट में सफल छात्राओं का भी उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का संचालन एमए उर्दू के छात्र हैदर ने किया। प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम ने आभार व्यक्त किया। संयोजिका कहकशां खान सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

















