
केराकत जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पांच दिनों से लापता 42 वर्षीय युवक का शव गांव स्थित पोखरी में उतराता मिला। मृतक की पहचान बेला गांव निवासी मनोज कुमार सिंह (42) पुत्र स्व. कोमल सिंह के रूप में हुई है। युवक के लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार सिंह अविवाहित थे और अपने भाई भानु प्रताप सिंह व भाभी जीरा सिंह के साथ रहते थे। बताया गया कि वह दीपावली की रात से ही घर से लापता थे।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गांव के विनय सरोज खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पोखरी की ओर से दुर्गंध आने पर उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो पोखरी के किनारे बांस के झुरमुट के पास एक शव उतराता दिखाई दिया।
शव की पहचान मनोज कुमार सिंह के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।सूचना पर पराऊगंज चौकी प्रभारी धर्मेंद्र दत्त पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोखरी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दीपावली की रात से लापता युवक का पांच दिन बाद घर से महज 40 मीटर की दूरी पर स्थित पोखरी में शव मिलने से गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

















