
संवाददाता दीपक शुक्ला
बिजनौर। लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर पूर्व जिलाधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह बिजनौर स्थित बैराज घाट पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच एक सामान्य नागरिक के रूप में पर्व में सहभागिता की और विधि-विधान से भगवान सूर्य को दूध एवं जल अर्पित कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और भगवान सूर्य के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। यह पर्व हमें अनुशासन, पवित्रता, त्याग, समर्पण और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। साथ ही सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकजुटता को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता व्रतियों की कठिन तपस्या और अटूट श्रद्धा है। व्रती लगभग 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना करते हैं।डॉ. सिंह ने अपने भाव साझा करते हुए कहा कि मां गंगा के पावन तट पर उनका बचपन और शैक्षणिक जीवन व्यतीत हुआ है। ऐसे में बैराज घाट पर छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचना उनके लिए भावुक और आत्मीय अनुभव रहा।
घाट पर श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और उत्साह देखकर भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का जीवंत स्वरूप देखने को मिला।उन्होंने भगवान सूर्य से प्रार्थना की कि उन्हें सदैव जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की शक्ति और प्रेरणा मिलती रहे, ताकि समाज के जरूरतमंद, वंचित और असहाय लोगों के हित में अपना योगदान दे सकें।अंत में डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने समस्त जनपदवासियों एवं देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।

















